अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 नैनीताल भीमताल भवाली 👉
भवाली दुष्कर्म कांड में बड़ा उलटफेर: शिकायतकर्ता युवती पुलिस अभिरक्षा में, जांच की जद में कई और चेहरे
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पहले से जेल में, ब्लैकमेलिंग और शोषण के नए आरोपों ने जांच को दिया नया मोड़
नैनीताल। भवाली के चर्चित दुष्कर्म प्रकरण में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पूर्व भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली पहली युवती को पुलिस ने पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया। मल्लीताल कोतवाली में उससे कई घंटों तक विभिन्न बिंदुओं पर गहन पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, दोनों पक्षों के बयानों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है और कुछ अन्य लोग भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत एक युवती ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने, धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए नरेश पांडे ने जिला न्यायालय और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, लेकिन दोनों अदालतों से उन्हें राहत नहीं मिली।
इसी दौरान एक दूसरी युवती ने भी नरेश पांडे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार देर रात उन्हें गिरफ्तार किया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद अदालत में पेश किए जाने पर न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब दूसरी शिकायतकर्ता ने नरेश पांडे के साथ-साथ पहली शिकायतकर्ता युवती पर भी ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण और जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए। इन्हीं आरोपों की सत्यता जांचने के लिए पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता युवती को अभिरक्षा में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और सभी पहलुओं की निष्पक्षता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि पहली शिकायतकर्ता के विरुद्ध कोई मुकदमा दर्ज किया गया है या नहीं। पूछताछ पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
