अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन: नानकसागर डैम पार बिसोटा में नई पुलिस चौकी, नशा तस्करों की सप्लाई चेन पर सीधा प्रहार
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में ऊधमसिंहनगर के एसएसपी अजय गणपति ने संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में कोतवाली नानकमत्ता के नानकसागर डैम पार स्थित बिसोटा गांव में नवीन पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने नवीन पुलिस चौकी बिसोटा का पूर्ण विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुभारंभ किया। चौकी के शुरू होने से डैम पार के दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की स्थायी मौजूदगी बढ़ेगी। एसएसपी की गाड़ी के दुर्गम इलाके में पहुंचने पर जहां ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा नजर आया, वहीं पुलिस की मजबूत मौजूदगी से नशा तस्करों और अपराधियों में भी हड़कंप की स्थिति है।
डैम पार बिसोटा क्षेत्र भौगोलिक रूप से अलग-थलग होने के कारण पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। नई चौकी स्थापित होने के बाद यहां 24 घंटे पुलिस निगरानी, नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा सीमावर्ती मार्गों पर सतत निगरानी को मजबूती मिलेगी। इससे नशे की सप्लाई चेन को बाधित करने और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
नानकमत्ता पुलिस का नशे और अपराध के खिलाफ कड़ा प्रहार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नानकमत्ता क्षेत्र में अपराध एवं नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। शस्त्र अधिनियम के तहत 13 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 13 अवैध तमंचे 315 बोर और पांच चाकू बरामद किए गए।
आबकारी अधिनियम के तहत 38 मुकदमों में 42 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1,218 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं NDPS एक्ट के तहत 30 मुकदमे दर्ज कर 42 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 592.62 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
इसके अलावा तीन आरोपियों के खिलाफ गुण्डा अधिनियम, स्मैक तस्करी में संलिप्त तीन शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। एक आदतन अपराधी के खिलाफ PIT-NDPS के तहत निरुद्ध करने का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि दो शातिर अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई गतिमान है।
साइबर अपराध एवं म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने 17 मुकदमे दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीमावर्ती क्षेत्र में और मजबूत होगी पुलिसिंग
एसएसपी अजय गणपति की रणनीति के तहत नवीन पुलिस चौकी बिसोटा से सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी। पुलिस का उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराधियों के नेटवर्क और नशे की सप्लाई चेन पर पहले से निगरानी रखना है।
एसएसपी अजय गणपति ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के अनुरूप एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस का संदेश साफ है—अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून के दायरे में कार्रवाई तय है।

