सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग सख्त, सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि ने लालकुआं नगर पंचायत में की समीक्षा बैठक,:देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग सख्त, सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि ने लालकुआं नगर पंचायत में की समीक्षा बैठक
लालकुआं। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड सरकार के सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि ने शुक्रवार को नगर पंचायत लालकुआं कार्यालय पहुंचकर सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में पहुंचने पर नगर पंचायत अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोग के सदस्य का स्वागत किया।

बैठक के दौरान आयोग के सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत एवं सफाई कर्मचारियों के साथ विभागीय व्यवस्थाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
सफाई कर्मचारियों ने आयोग के सदस्य के सामने अपनी लंबे समय से लंबित समस्याएं रखते हुए वेतन, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, ईपीएफ, कार्यस्थल पर आने वाली परेशानियों सहित अन्य मांगों से अवगत कराया।
कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य नितिन चरन वाल्मीकि ने कहा, “सफाई कर्मचारी समाज और व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए।”
उन्होंने अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर नगर पंचायत लालकुआं के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने कहा, “सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कर्मचारियों द्वारा उठाए गए सभी जायज मुद्दों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।”
बैठक में उपस्थित सफाई कर्मचारियों ने आयोग के सदस्य का आभार जताते हुए कहा कि पहली बार उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही समाधान होगा।
बैठक में सभासद धन सिंह बिष्ट, भुवन पांडे, कर्मचारी नेता विनोद कुमार, कल्लू चरन, कामेश भंडारी, राजू, रवि, राम सिंह, विक्की, अंकुर, मान सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!