अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी की सड़कों पर धूल-गड्ढों का राज! व्यापारियों का फूटा गुस्सा, सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय घेरा
दीपावली से पहले सड़कें सुधारने की मांग, विभागों के बीच तालमेल की कमी पर उठाए सवाल; समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी। शहर की बदहाल सड़कें, उड़ती धूल और रोजाना लगने वाले जाम से परेशान व्यापारियों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर उतर आया। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। व्यापारियों ने दीपावली से पहले मुख्य बाजारों, मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों को दुरुस्त करने की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को शहर की बदहाल सड़कों से आम जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग और नगर निगम के बीच आपसी समन्वय की कमी के कारण शहर की सड़कें दुर्दशा का शिकार हैं। एक विभाग सड़क पर काम करता है तो दूसरे विभाग की ओर से खुदाई कर दी जाती है, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत समय पर नहीं कराई जाती।
व्यापारियों का कहना था कि सड़कों पर गहरे गड्ढे, धूल के गुबार और दिनभर लगने वाले जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसका सीधा असर बाजारों के कारोबार पर पड़ रहा है। ग्राहक जाम और धूल के कारण बाजार आने से बच रहे हैं, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने कहा कि दीपावली से पहले का समय छोटे, मध्यम और गरीब तबके के कारोबारियों के लिए सालभर की कमाई का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे समय में सड़कों की बदहाली व्यापार पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि त्योहार से पहले प्रमुख बाजारों, मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों की मरम्मत कराकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
प्रदर्शन में प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह, सचिव राकेश गुप्ता टीटू, राजीव अग्रवाल, योगेश शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, मनोज जायसवाल, रजत माहेश्वरी, उपेंद्र कनवाल, संदीप सक्सेना, मदन मोहन जोशी, धर्मेंद्र गुप्ता, अश्मित गुजराल, चमन गुप्ता और अजय वर्मा सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली से पहले सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।


