सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली टिप्पणी पर पुलिस का एक्शन, वीडियो वायरल करने वाले दो युवक गिरफ्तार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली टिप्पणी पर पुलिस का एक्शन, वीडियो वायरल करने वाले दो युवक गिरफ्तार

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वाल्मीकि समाज के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने और गाली-गलौज का वीडियो वायरल करने के मामले में हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वीडियो सामने आने के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान 5 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दो युवक अभिनव उर्फ हैरी और मोन्टी भारती कथित तौर पर वाल्मीकि समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज करते दिखाई दिए। वीडियो के प्रसारित होने से समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी।

मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1)(बी) और 352 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अभिनव उर्फ हैरी (21 वर्ष), पुत्र अजय कुमार, निवासी रामपुर मनिहारन, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी विट्ठल विहार कॉलोनी, बैरियर नंबर-6, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार शामिल है। दूसरा आरोपी मोन्टी भारती (23 वर्ष), पुत्र संजय भारती, निवासी पवन पुत्र कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार का रहने वाला है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल गंभीर तोमर और होमगार्ड इसम सिंह शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर तनाव पैदा करने के आरोपों को गंभीरता से लिया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।