जमीन घोटाले में बड़ा धमाका: कांग्रेस पार्षद गिरफ्तार, फेसबुक पत्रकार हेम भट्ट से पूछताछ… “सरकार हिलाने वाले इंटरव्यू” का नैरेटिव निकला फेल!

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 देहरादून में जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में फेसबुक पत्रकार हेम भट्ट से भी पूछताछ की गई। पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर थाना पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी और हिस्ट्रीशीटर प्रदीप सकलानी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में कई नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इसी क्रम में कांग्रेस पार्षद अमित भंडारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि पिछले साल अक्टूबर में दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि पहाड़ के लोगों और फौजियों को सस्ते दामों में जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की गई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जमीन का सौदा कराने के नाम पर करीब 30 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बाद में पता चला कि दिखाई गई जमीन का आरोपियों से कोई संबंध ही नहीं था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को दूसरी की जमीन अपनी बताकर बेचने की कोशिश करते थे। रकम लेने के बाद चेक दिए जाते थे, जो बाद में बाउंस हो जाते थे। मामले में प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ के दौरान पार्षद अमित भंडारी, पत्रकार हेम भट्ट समेत कई अन्य लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने सभी को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार हेम भट्ट से शुरुआती पूछताछ की गई है, जबकि पूरे मामले में अभी जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि प्रदीप सकलानी के खिलाफ विभिन्न थानों में जमीन धोखाधड़ी और चेक बाउंस के 26 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर पहले से 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!