अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
लालकुआँ। नगर व्यापार मंडल चुनाव के अंतिम परिणाम घोषित होते ही पूरे व्यापारिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। व्यापारियों ने भारी उत्साह के साथ मतदान कर अपने नए नेतृत्व का चयन किया। अध्यक्ष पद पर हुए प्रतिष्ठित मुकाबले में दीवान सिंह बिष्ट ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेश चौधरी को बड़े अंतर से पराजित कर व्यापार मंडल की कमान अपने हाथों में ले ली।
घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर दीवान सिंह बिष्ट को 649 मत प्राप्त हुए, जबकि नरेश चौधरी को 303 मत मिले। इस तरह बिष्ट ने 346 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेश भट्ट ने 450 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वियों में विशाल झा को 267 मत तथा मनोज मौर्या को 136 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में विनोद पांडे ने 515 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि सुजीत कुमार गिरी को 404 मत मिले।
महामंत्री पद पर हुए कांटे के मुकाबले में नंदन सिंह राणा ने 512 मत हासिल कर जीत अपने नाम की। उनके प्रतिद्वंद्वी अमजद खान को 440 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर प्रकाश कुमार ने 506 मतों के साथ विजय हासिल की। इस पद पर किशन भट्ट को 237 मत तथा भुवन सिंह बिष्ट को 181 मत मिले।
वहीं संगठन मंत्री पद पर जितेंद्र गुप्ता ने 522 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि करीम खान को 404 मत मिले।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और नारेबाजी कर अपने नेताओं का स्वागत किया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा, बाजार की समस्याओं के समाधान और नगर के व्यापारिक विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
लालकुआ प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल फाइनल परिणाम और दीवान सिंह बिष्ट अध्यक्ष फौजी नंदन राणा महामंत्री
