अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
SSP अजय गणपति का अपराधियों पर बड़ा प्रहार: नानकमत्ता में हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, 50 लाख से अधिक की सरकारी जमीन मुक्त
नशा तस्करों और गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई जारी, सिंचाई विभाग-पुलिस की संयुक्त टीम ने हटाया अतिक्रमण
रुद्रपुर/नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नानकमत्ता पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।


कार्रवाई के दौरान नानकसागर बांध क्षेत्र में सिंचाई विभाग की करीब 02 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। टीम ने अवैध रूप से बनाए गए पक्के निर्माण को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बनी एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर, कोतवाली नानकमत्ता पर डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 27 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके परिवारजनों द्वारा सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। साथ ही उक्त स्थान का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
नियमित प्रक्रिया के तहत नोटिस और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस बल, पीएसी और फायर सर्विस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
SSP अजय गणपति ने कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
