हल्द्वानी में नशे में धुत कार चालक का कहर: तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को रौंदा, महिला गंभीर; भीड़ ने चालक को पीटा

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी में नशे में धुत कार चालक का कहर: तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को रौंदा, महिला गंभीर; भीड़ ने चालक को पीटा

मुखानी से जेल रोड तक मचाया तांडव, बिजली के पोल से टकराकर रुकी कार; पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया

हल्द्वानी। शहर में रविवार रात तेज रफ्तार और नशे में धुत कार चालक ने जमकर कहर बरपाया। मुखानी से जेल रोड तक दौड़ी बेकाबू कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे मुखानी निवासी पंकज कार लेकर ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए हल्द्वानी शहर की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से कार दौड़ा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच चालक ने सड़क किनारे चल रहे तीन राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और जेल रोड तिराहे की ओर बढ़ गया।
कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे जा रही एक महिला को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला को टक्कर मारने के बाद चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। आरोपी की पहचान मुखानी निवासी पंकज के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।