अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल का बड़ा ऐलान: भ्रूण लिंग परीक्षण की गुप्त सूचना दें, पाएं ₹50 हजार का इनाम
नैनीताल। जनपद में अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बड़ा कदम उठाया है। डीएम ने घोषणा की है कि बिना वैध पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित करने या भ्रूण लिंग परीक्षण की गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹50,000 का नकद इनाम दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी कीमत पर भ्रूण लिंग परीक्षण नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में प्राप्त होने वाली हर विश्वसनीय सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएम ने कहा कि सभी रेडियोलॉजिस्ट एवं सोनोलॉजिस्ट का वैध पंजीकरण होना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण या बिना पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित होने की जानकारी मिले तो उसकी गुप्त सूचना प्रशासन को दें। प्रशासन सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए उसे ₹50 हजार का इनाम प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए जनसहयोग बेहद आवश्यक है और प्रशासन इस अभियान को पूरी सख्ती के साथ आगे बढ़ाएगा।
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल का बड़ा ऐलान: भ्रूण लिंग परीक्षण की गुप्त सूचना दें, पाएं ₹50 हजार का इनाम
