अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
गोरापड़ाव डकैती कांड में बड़ा खुलासा: जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए डाली डकैती, दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जुए में हारी लाखों की रकम की भरपाई के लिए डकैती की साजिश रची थी। दोनों आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये नकद, तमंचा, पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
19 अगस्त को गोरापड़ाव, तीनपानी स्थित एक कार्यालय/गैराज में 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा डकैती की सूचना मिली थी। पीड़ित नारायण दास की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों ने करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठी लूटने की बात पुलिस को बताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कराई। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, पूछताछ और सुरागरसी के बाद पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों की मुलाकात किच्छा निवासी यश सिडाना से हुई थी। पुलिस के मुताबिक यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसके बाद गोरापड़ाव में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर डकैती की योजना बनाई गई। आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की और फिर हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, लूट की रकम आपस में बांटने के बाद आरोपी अलग-अलग ठिकानों पर चले गए और पुलिस से बचने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए।
गिरफ्तार वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी सितारगंज के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि रखवीर सिंह (28) निवासी शीषगढ़, बरेली के कब्जे से 35 हजार रुपये, 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक रखवीर सिंह का पूर्व में भी कई मुकदमों में आपराधिक इतिहास सामने आया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की गई है। संगठित तरीके से अपराध किए जाने के आधार पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना पुलिस के साथ SOG, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

