अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़: एसएसपी अजय गणपति की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी घायल, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को घायल कर दिया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग और दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घायल कर दबोच लिया और उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित खूनी गैंगवार और बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त रेनॉल्ट क्विड कार तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी घायल हो गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त उत्तराखंड के विजन को साकार करने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। किसी भी अपराधी को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
