अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी, नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की निःशुल्क ट्रेन यात्रा पर रवाना
हल्द्वानी, 13 जुलाई 2026। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह राज्य सरकार की एक सराहनीय और जनहितकारी पहल है, जिससे ऐसे लोगों को भी पवित्र तीर्थ यात्रा का अवसर मिल रहा है जो आर्थिक या अन्य कारणों से अब तक यात्रा नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रियों के लिए आने-जाने, रहने, भोजन, चिकित्सा तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि भगवान सोमनाथ से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, उन्नति और सभी की मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की जाएगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुआ दल देहरादून पहुंचेगा, जहां उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालु एकत्र होंगे। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम ले जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा संचालित इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की गई है।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
