हिमाचल तक पहुंची नैनीताल पुलिस, तीनों बालिकाएं सकुशल बरामद; एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के त्वरित एक्शन से लौटीं बेटियां :देखें वीडियो

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 हिमाचल तक पहुंची नैनीताल पुलिस, तीनों बालिकाएं सकुशल बरामद; एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के त्वरित एक्शन से लौटीं बेटियां
हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने करीब छह दिन बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन ट्रेस की और विशेष टीम ने हिमाचल पहुंचकर उन्हें बरामद किया। तीनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


मामला 18 सितंबर 2026 का है। चोरगलिया निवासी एक परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो नाबालिग बेटियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश के दौरान पता चला कि दोनों स्कूल पहुंची ही नहीं थीं और उनके साथ एक अन्य बालिका भी गई थी। इनमें दो नाबालिग और एक बालिग बालिका शामिल थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 45/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद जिले के सभी थानों और डीसीआरबी नैनीताल को सूचना प्रसारित की गई। पुलिस ने आरटी सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बालिकाओं की तलाश के लिए सूचना साझा की।


एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर समेत विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी में तीनों बालिकाएं एक साथ जाते हुए दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन का पीछा किया। लगातार प्रयासों के बाद 24 सितंबर को तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर चली गई थीं। जांच के दौरान किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई। बरामदगी के बाद पुलिस ने बालिकाओं की काउंसलिंग की और नाबालिगों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत कराया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
बेटियों के सकुशल घर लौटने की सूचना मिलते ही कई दिनों से परेशान परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के लिए पुलिस का आभार जताया।
बरामदगी टीम में थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा और महिला कांस्टेबल सुमन राणा शामिल रहे।