अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 बनभूलपुरा में बिना मान्यता चल रहे दो और मदरसे सील, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति और मान्यता के संचालित किए जा रहे दो और मदरसों पर प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मदरसा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संचालन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज जल्द से जल्द प्रस्तुत किए जाएं।
प्रशासन की टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में मदरसा रमजान ऑर्गेनाइजेशन और मदरसा जामिया नूरिया बरकात ए आमिना सोसायटी का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्य ने मदरसों का संचालन करने वाले लोगों से बातचीत की तथा पंजीकरण, अनुमति और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों को मदरसों के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। प्रशासन के मुताबिक, दोनों मदरसे बिना आवश्यक अनुमति के संचालित पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार दोनों मदरसों को सील कर दिया।
प्रशासन ने संचालकों को निर्देशित किया कि यदि उनके पास मदरसे के संचालन की अनुमति, शिक्षा विभाग अथवा उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से संबंधित पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं तो उन्हें जल्द प्रस्तुत किया जाए। अधिकारियों ने साफ किया कि बिना वैध दस्तावेजों के किसी भी शिक्षण संस्थान का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में मदरसों के संचालन को लेकर दस्तावेजों की जांच और सत्यापन का अभियान लगातार जारी है। जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन अथवा आवश्यक अनुमति के अभाव में संचालन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार की कार्रवाई को प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे सत्यापन अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भी बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना मान्यता अथवा आवश्यक दस्तावेजों के संचालित संस्थानों पर कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी संबंधित संस्थानों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी

