धाकड़ धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी बड़ी रेल सौगात, टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

टनकपुर से नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा का शुभारंभ, शाहजहांपुर तक बढ़ी टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन; उत्तराखंड को मिली बड़ी रेल सौगात

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिखाई हरी झंडी, उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक बढ़ी कनेक्टिविटी

टनकपुर/बरेली, 6 जुलाई। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए सोमवार को टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ, नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर तक विस्तार शुरू किया गया। तीनों रेल सेवाओं का उद्घाटन केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड़ के धार्मिक महत्व और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। देश में लगभग संपूर्ण रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है, हजारों किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं और सामान्य यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में नए द्वितीय श्रेणी कोच तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान भी सैकड़ों विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि टनकपुर पूर्णागिरि धाम और आदिकैलाश यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है तथा नई रेल सेवा से महाराष्ट्र और मध्य भारत के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को भी नए बाजार उपलब्ध होंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि टनकपुर से सीधे नांदेड़ तक रेल सेवा शुरू होने से सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब श्रद्धालु सीधे गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन धरती नांदेड़ पहुंच सकेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है।

पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि नई रेल सेवाओं से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने पीलीभीत से अमृतसर के लिए भी सीधी ट्रेन चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नई रेल सेवाओं के शुभारंभ से उत्तराखंड और महाराष्ट्र सहित पांच राज्यों के बीच यात्रा, पर्यटन, व्यापार और धार्मिक संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!