अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 दिनेशपुर 👉रुद्रपुर के एसएसपी अजय गणपति का अनोखा अंदाज: दिनेशपुर थाना दिवस में बांग्ला में किया जनसंवाद, बंगाली समाज का जीता दिल
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति का एक अलग और जनहितैषी स्वरूप रविवार को थाना दिनेशपुर में आयोजित “थाना दिवस” के दौरान देखने को मिला। एसएसपी ने न केवल क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, बल्कि बंगाली समाज के लोगों से उनकी मातृभाषा बांग्ला में संवाद कर सभी का दिल जीत लिया।
जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित थाना दिवस में दूर-दराज से आए लोगों ने अपनी शिकायतें एसएसपी के समक्ष रखीं। इस दौरान जब बंगाली समाज के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे तो एसएसपी अजय गणपति ने उनसे बांग्ला भाषा में बातचीत की। अपनी भाषा में पुलिस कप्तान को संवाद करते देख फरियादियों की झिझक दूर हो गई और उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। एसएसपी के इस आत्मीय व्यवहार की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से यातायात व्यवस्था, नशे से जुड़ी शिकायतें और स्थानीय समस्याएं सामने आईं। एसएसपी ने सभी मामलों का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि थाने आने वाला प्रत्येक पीड़ित न्याय पाने का अधिकारी है। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि धरातल पर पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
थाना दिवस के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
दिनेशपुर थाना दिवस में एसएसपी अजय गणपति का बांग्ला में जनसंवाद और मौके पर समस्याओं के समाधान की पहल पुलिस की जनसरोकार वाली कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आई।
