अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी। हल्द्वानी में तेल के टैंकरों से कथित रूप से चोरी-छिपे कम दामों पर पेट्रोल और डीजल बेचे जाने के विरोध में सोमवार को समस्त पेट्रोल पंप संचालकों का गुस्सा फूट पड़ा। पेट्रोल पंप स्वामी हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) डिपो के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी करते हुए अवैध तेल कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारी पेट्रोल पंप संचालकों का आरोप है कि कुछ तेल टैंकरों द्वारा निर्धारित नियमों को दरकिनार कर चोरी-छिपे बाजार में पेट्रोल और डीजल कम कीमत पर बेचा जा रहा है। उनका कहना है कि इस अवैध कारोबार से वैध पेट्रोल पंप संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, सरकार को राजस्व की हानि हो रही है और ईमानदारी से व्यापार करने वाले कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं।
पेट्रोल पंप स्वामियों ने आरोप लगाया कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो अवैध तेल कारोबार में शामिल लोगों और संभावित मिलीभगत का खुलासा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि टैंकरों से होने वाली अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे नेटवर्क की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। एचपीसीएल डिपो के बाहर हुए इस प्रदर्शन ने क्षेत्र में कथित अवैध तेल कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।
नोट: प्रदर्शन के दौरान लगाए गए आरोप प्रदर्शनकारियों के हैं। संबंधित विभाग या आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
