अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉 गौला में ‘सरेंडर’ वाहनों का काला खेल उजागर! डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आरटीओ का बड़ा एक्शन, 50 से ज्यादा वाहन पकड़े, 5 डंपर सीज
लालकुआं। गौला नदी के खनन क्षेत्र में अवैध खनन और सरेंडर किए गए वाहनों के संचालन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने गौला के विभिन्न गेटों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई चौंकाने वाले मामलों का खुलासा किया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पांडे के नेतृत्व में गठित तीन प्रवर्तन टीमों ने बेरी पड़ाव गेट, आंवला चौकी गेट, मोटाहल्दू गेट और लालकुआं गेट पर विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान ऐसे कई वाहन पकड़े गए, जिनके प्रपत्र पहले ही आरटीओ कार्यालय में सरेंडर किए जा चुके थे, लेकिन वे बिना वैध दस्तावेजों के ओवरलोड खनन सामग्री का परिवहन करते पाए गए।
अभियान के दौरान 50 से अधिक वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताओं और ओवरलोडिंग के चलते 5 डंपर वाहनों को सीज कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार खनन कार्य में लगे वाहनों द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
इस कार्रवाई में एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सांगवान, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कांडपाल सहित प्रवर्तन विभाग की टीम शामिल रही।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरेंडर वाहनों अथवा अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने अपने वाहनों के प्रपत्र आरटीओ कार्यालय में जमा कर रखे हैं, वे किसी भी परिस्थिति में वाहन संचालित न करें। वाहन संचालन से पूर्व दस्तावेज नियमानुसार प्राप्त कर वैध रूप से वाहन चलाएं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से गौला खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर यह अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
