एसएसपी अजय गणपति का ऑपरेशन प्रहार: यूपी पुलिस को चकमा देने वाला ₹1 लाख का इनामी गैंगस्टर रुद्रपुर में गिरफ्तार देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ₹1 लाख के इनामी घोषित कुख्यात गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को कोतवाली आईटीआई पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश पुलिस और खुफिया एजेंसियों की गिरफ्त से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौरिया पुत्र भोपाल सिंह (53 वर्ष), निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

 

गहन पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के बाद खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा घोषित ₹1 लाख का इनामी गैंगस्टर है। थाना गंगोह पुलिस ने भी उसके खिलाफ घोषित इनाम की पुष्टि की है। आरोपी के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 46 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को सूचना दे दी गई है।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल रमेश बंगयाल तथा पीआरडी जवान अनिल शामिल रहे। पूरी टीम की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

error: Content is protected !!