अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 किच्छा 👉
एलएससी इन्फ्राटेक के निदेशक अभिषेक अग्रवाल की पहल, किच्छा बाईपास पर हुआ वृहद वृक्षारोपण अभियान
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार की मौजूदगी में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान को दिया बढ़ावा
रुद्रपुर, 10 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड (कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) ने सराहनीय पहल करते हुए किच्छा बाईपास रोड, रुद्रपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी के निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने किया, जबकि जिला खान अधिकारी मनीष परिहार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

एलएससी इन्फ्राटेक के निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप अपने विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पहले ही हजारों पौधे लगा चुका है और इस मानसून सत्र में भी कई स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने की दिशा में प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने बताया कि उनके अनुरोध पर एलएससी इन्फ्राटेक ने पिछले माह बाजपुर के एक इंटर कॉलेज परिसर में भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए थे। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही शहर और प्रदेश को हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में कुमार ग्रुप एवं एलएससी इन्फ्राटेक के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
