नरेश पांडे यौन शोषण प्रकरण में नया खुलासा: पहली शिकायतकर्ता युवती पर नाबालिग से दुष्कर्म कराने का आरोप, पुलिस रिमांड पर भेजी गई

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
भवाली यौन शोषण केस में बड़ा उलटफेर: पहली शिकायतकर्ता युवती ही निकली सह-आरोपित, नाबालिग से दुष्कर्म कराने के आरोप में पुलिस रिमांड पर

व्यापारी नेता नरेश पांडे के खिलाफ पहले दर्ज कराई थी शिकायत, अब दूसरे पॉक्सो मुकदमे में खुद फंसी; होटल रिकॉर्ड और पीड़िता के बयान बने जांच का आधार।

नैनीताल। भवाली के बहुचर्चित यौन शोषण प्रकरण में मंगलवार को बड़ा कानूनी मोड़ सामने आया। जिस युवती ने सबसे पहले व्यापारी नेता नरेश पांडे पर यौन शोषण के आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया था, वही अब एक अलग पॉक्सो मुकदमे में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म कराने और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोपों में सह-आरोपित बन गई है। न्यायालय ने पुलिस की मांग स्वीकार करते हुए उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
नवगठित विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) के अवकाश पर होने के कारण प्रभारी न्यायाधीश ने रिमांड मंजूर की। अब बुधवार को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत में मामले की आगे सुनवाई होगी।
अभियोजन के अनुसार, 12 जुलाई को ग्रामीण क्षेत्र की एक युवती ने मल्लीताल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि जुलाई 2025 में कॉलेज में उसकी पहचान छात्रा नेता के रूप में चर्चित युवती से हुई थी। 4 अक्टूबर 2025 को, जब वह नाबालिग थी, आरोपित युवती उसे काठगोदाम के एक होटल में मित्र से मिलाने के बहाने ले गई, जहां व्यापारी नेता नरेश पांडे पहले से मौजूद था।


पीड़िता का आरोप है कि वहां मोबाइल और पैसे का लालच देकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर नरेश पांडे ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जबकि आरोपित युवती ने उसका साथ दिया। घटना के दौरान फोटो और वीडियो बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा ने न्यायालय को बताया कि पीड़िता के पुलिस और न्यायालय में दिए गए बयान एक-दूसरे की पुष्टि करते हैं। साथ ही जांच में होटल के अभिलेखों से यह भी सामने आया कि घटना के दिन तीनों संबंधित व्यक्ति होटल पहुंचे थे। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की।
गौरतलब है कि इसी मामले में पहले यही युवती नरेश पांडे के खिलाफ नाबालिग अवस्था में यौन शोषण और गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज करा चुकी थी, जिसके बाद नरेश पांडे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। अब दूसरी नाबालिग की शिकायत पर दर्ज नए मुकदमे में वही युवती स्वयं सह-आरोपित बन गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की निष्पक्ष विवेचना में जुटी है। बुधवार को विशेष पॉक्सो न्यायालय में होने वाली सुनवाई और पुलिस जांच इस बहुचर्चित प्रकरण की आगे की दिशा तय करेगी।

error: Content is protected !!