अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
SSP अजय गणपति की सख्ती: चाकू की नोक पर युवक से दुष्कर्म व लूट का मुख्य आरोपी गुरप्रीत उर्फ गोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
रुद्रपुर/नानकमत्ता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और चाकू की नोक पर अप्राकृतिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया, जहां एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं पहुंचकर उससे पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त की रात सिडकुल से काम कर घर लौट रहे एक युवक को दीपक सिंह निवासी झनकट, मनोज भाटिया निवासी बानूसी और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट ने नानकसागर डैम क्षेत्र में रोक लिया। तीनों आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूट ली। आरोप है कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने चाकू की नोक पर युवक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया, जबकि मनोज भाटिया घटना का वीडियो बना रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि मुख्य आरोपी गुरप्रीत फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली नानकमत्ता का घेराव भी किया था।
शुक्रवार देर रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक राजेन्द्र पंत, उपनिरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी तथा चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा शामिल थे, फरार आरोपी की तलाश में मच्छी झाला क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में आरोपी की बाइक फिसल गई, लेकिन वह झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर दोबारा फायरिंग करने लगा। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद जब आरोपी नहीं माना, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की एक गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया।
गिरफ्तार आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र मंजीत सिंह, निवासी बेरीघाट, कोतवाली खटीमा के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, ₹1,220 भारतीय मुद्रा, ₹30 नेपाली मुद्रा, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद की रसीद, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। दोनों अन्य आरोपी दीपक सिंह और मनोज भाटिया पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

