ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय वातावरण और देशभक्ति की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राष्ट्र की निरंतर प्रगति और विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

समारोह का शुभारंभ परिसर के निदेशक प्रो. (डॉ.) एम.सी. लोहनी ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। ध्वजारोहण समारोह में संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए प्रो. लोहनी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास और आजादी के बाद देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों से नवाचार, अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण के बाद एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित एवं भव्य परेड प्रस्तुत की। परेड ने समारोह में मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थी बैंड दल ने देशभक्ति की मधुर धुनों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। वहीं समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली विचारोत्तेजक माइम और स्किट प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य ने भी सभी का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा और तिरंगे की शान में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

error: Content is protected !!