अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
उत्तराखंड जागरण की ओर से स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई, लालकुआं में आईटीसी पेपर मिल, नैनीताल दुग्ध संघ, नगर पंचायत और एसकेएम कॉन्वेंट स्कूल में शान से लहराया तिरंगा
लालकुआं। देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस औद्योगिक नगरी लालकुआं में हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। उत्तराखंड जागरण परिवार की ओर से समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर आईटीसी पेपर मिल, नैनीताल दुग्ध संघ, नगर पंचायत लालकुआं और एसकेएम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आईटीसी पेपर मिल में यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस दौरान पूरा मिल परिसर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कर्मचारियों से सुरक्षा, गुणवत्ता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। समारोह में मिल प्रबंधन के अधिकारी, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों के हित में जल्द वर्दी वितरित किए जाने की घोषणा भी की। लालकुआं समेत पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

नगर पंचायत लालकुआं के प्रांगण में अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी की मौजूदगी में ध्वजारोहण कर आजादी का महोत्सव मनाया गया। स्थानीय बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति के रंग भर दिए।

वहीं एसकेएम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और विभिन्न युगों पर आधारित झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रबंधक कमलेश पाठक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें किताबी ज्ञान के साथ चारित्रिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा देना भी जरूरी है। कार्यक्रम में उपप्रबंधक धवल पाठक, संयोजक आरती जुयाल, प्रधानाचार्या भावना जोशी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

उत्तराखंड जागरण परिवार देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता है।
जय हिंद! 🇮🇳

