हल्द्वानी रामलीला मैदान में शुद्धि अनुष्ठान को लेकर कांग्रेस सेवादल का विरोध, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं

हल्द्वानी रामलीला मैदान में शुद्धि अनुष्ठान को लेकर कांग्रेस सेवादल का विरोध, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

लालकुआं। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से किए गए शुद्धि अनुष्ठान को लेकर कांग्रेस सेवादल ने कड़ा विरोध जताया है। शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लालकुआं स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और उपजिलाधिकारी के माध्यम से देश की महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में इस कथित शुद्धि अनुष्ठान को दलित समाज के प्रति भेदभावपूर्ण मानसिकता का परिचायक बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

 

ज्ञापन में कांग्रेस सेवादल ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा आयोजित हुई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जनसभा समाप्त होने के बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा सभा स्थल पर शुद्धि अनुष्ठान किया गया। कांग्रेस सेवादल ने इस कृत्य को दलित समाज का अपमान करने वाला और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाला बताया।

ज्ञापन में कहा गया कि भारत एक लोकतांत्रिक एवं संविधान आधारित देश है, जहां प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम के बाद कथित रूप से शुद्धि अनुष्ठान किया जाना समाज में भेदभाव की भावना को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। कांग्रेस सेवादल ने इसे देश के दलित समाज सहित सभी नागरिकों की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया कि मामले का संज्ञान लेते हुए भारत सरकार को संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार के कथित भेदभावपूर्ण कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो और देश में सामाजिक भाईचारा, समानता एवं सद्भाव की भावना मजबूत बनी रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के कुमाऊं मंडल प्रभारी एवं जिला मुख्य संगठक गोकर्ण सिंह बिष्ट ने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान देता है। किसी भी वर्ग या समुदाय को नीचा दिखाने अथवा भेदभाव करने वाली मानसिकता का विरोध किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष खुशाल सिंह मेहता, पूर्व पीसीसी सदस्य हरेंद्र सिंह बोरा, ब्लॉक मुख्य संगठक पूजा राणा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता बीना जोशी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप बथियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेखर जोशी, ब्लॉक संगठन मंत्री राजेंद्र दुर्गपाल, रमेश कुमार, भगत राम, हाजी अयूब अली, वरिष्ठ कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता एनडी पांडे, विनोद सिंह, दीपा बिष्ट, उर्मिला खत्री, मीना जलाल, भावना बिष्ट, सईद सिद्दीकी और नरेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने राष्ट्रपति से पूरे मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।

error: Content is protected !!