बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, धूप में भी सैकड़ों ग्रामीणों ने घर-घर पहुंचाया जनजागरण का संदेश

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, धूप में भी सैकड़ों ग्रामीणों ने घर-घर पहुंचाया जनजागरण का संदेश
बिंदुखत्ता, 19 अगस्त 2026। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर स्वतंत्रता दिवस से शुरू हुई घर-घर जनजागरण पदयात्रा लगातार जारी है। बुधवार को भादो की तेज धूप और गर्मी के बावजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने पदयात्रा में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती दी। पदयात्रा माँ हाटकालिका मंदिर, इंदिरा नगर-2 से शुरू होकर इंद्रानगर गब्दा स्थित मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन करीब 10 बजे के बाद तेज धूप निकलने के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ। वन अधिकार संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, राज्य आंदोलनकारी, विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान सैकड़ों लोग घर-घर पहुंचे और ग्रामीणों को बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग तथा आंदोलन के उद्देश्यों की जानकारी दी।
पदयात्रा के दौरान लोगों से अपील की गई कि बिंदुखत्ता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए प्रत्येक परिवार और नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। वक्ताओं ने कहा कि राजस्व ग्राम का दर्जा महज प्रशासनिक मांग नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के पंचायत, विकास और मूलभूत नागरिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है।
पदयात्रा में वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, पदयात्रा संयोजक दीपक जोशी एडवोकेट, बलवंत बिष्ट, भरत नेगी, भगवान सिंह धामी, नंदन बोरा, सुशील यादव, नवीन जोशी, भूपेश जोशी, ममता बिष्ट, राधा दानू, संध्या डालाकोटी, दीपक रौतेला, प्रकाश जोशी, उत्तराखंडी, सोहन लाल, दीपक पाठक, वीरेंद्र दानू, मनोज दानू, नंदन जग्गी सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि जनजागरण पदयात्रा बिंदुखत्ता के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचेगी। बारिश, धूप और अन्य कठिन परिस्थितियों की परवाह किए बिना अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को शहीद स्मारक स्थल पर विशाल जनसभा और रैली आयोजित की जाएगी।
वन अधिकार संगठन के अनुसार, पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ना और बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने के लिए निर्णायक संघर्ष के पक्ष में जनमत तैयार करना है।
— वन अधिकार संगठन, बिंदुखत्ता

error: Content is protected !!