अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
लालकुआं समेत नैनीताल जिले में गुंडा एक्ट का शिकंजा, पांच आरोपी जिला बदर; इस साल 103 पर कार्रवाई
अवैध शराब की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, लालकुआं के दो आरोपी भी जिला बदर
नैनीताल/लालकुआं। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने गुंडा एक्ट के तहत पांच व्यक्तियों को जिला बदर कर दिया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय के न्यायालय से जारी आदेशों के अनुसार, संबंधित आरोपितों को उनके खिलाफ दर्ज मामलों और आपराधिक गतिविधियों के आधार पर एक से चार माह तक नैनीताल जिले की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, इस वर्ष 1 जनवरी से 21 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 103 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई में लालकुआं क्षेत्र के दो व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं। उपलब्ध आदेश के अनुसार, पाडलीपुर मोटाहल्दू निवासी सुरेश चन्द्र जोशी को अवैध शराब की तस्करी के मामले में चार माह तथा निर्मल कॉलोनी, पश्चिमी राजीवनगर, लालकुआं निवासी राजेश कुमार उर्फ बिट्टू को अवैध शराब की तस्करी के मामले में चार माह के लिए जिला बदर किया गया है।
इसके अलावा बनभूलपुरा निवासी वसीम को आपराधिक गतिविधियों और चोरी-चपाटी में संलिप्त पाए जाने के मामले में चार माह के लिए जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है। ग्राम नाथूपुर, पाडली, लामाचौड़ निवासी धर्मेंद्र सागर को आपराधिक प्रवृत्ति और अवैध शराब की तस्करी के मामले में तीन माह के लिए जिला बदर किया गया है। वहीं, बनभूलपुरा निवासी सैफ अली को गली-मोहल्लों में चोरी कर अवैध रूप से धन अर्जित करने के मामले में एक माह के लिए जिला बदर किया गया है।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा अराजक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध समय-समय पर सख्त कदम उठाना आवश्यक है। जिला बदर किए गए व्यक्तियों को निर्धारित अवधि तक जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम जनता में सुरक्षा का माहौल कायम रखना है।
उत्तराखंड जागरण | लालकुआं

