अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी के नेतृत्व में लालकुआं पुलिस का एक्शन, आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट डालने वाला दीपक भारती गिरफ्तार
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस की सख्ती, सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री डालने वालों को चेतावनी
लालकुआं। सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। थाना लालकुआं क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपक भारती पुत्र प्रताप राम आर्या, निवासी हाटाग्राम गौला गेट, हल्दूचौड़, लालकुआं, जिला नैनीताल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिन्दू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की थी। उक्त पोस्ट को हटाने के संबंध में हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति द्वारा दीपक भारती से कहा गया। आरोप है कि इसके बाद दीपक भारती ने उक्त व्यक्ति के विरुद्ध भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। हालांकि बाद में पोस्ट को हटा दिया गया।
मामले को लेकर विभिन्न हिन्दू संगठनों की ओर से थाना लालकुआं में ज्ञापन देकर शिकायत की गई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं एवं प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद 27 अगस्त 2026 को हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा ने कार्रवाई करते हुए दीपक भारती को समाज में वैमनस्य फैलाने के आशय से आपत्तिजनक पोस्ट करने और न्यूसेन्स उत्पन्न करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 172(2) भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में वैमनस्य और अशांति पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे मामलों में सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी विवादित, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें। अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री से सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
नैनीताल पुलिस का संदेश साफ है—सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

