अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 एसएसपी अजय गणपति की सख्ती का असर, 48 घंटे में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश
पंतनगर पुलिस ने 7 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद कर दो शातिर चोरों को दबोचा
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पंतनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने मात्र 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी समेत कुल 7 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कोतवाली पंतनगर में दर्ज बाइक चोरी के मामलों के खुलासे और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 13 मई 2026 की रात पुलिस ने सिडकुल सिटी पार्क के बाहर से दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सरकार पुत्र तपन सरकार निवासी ठाकुरनगर वार्ड नंबर-10 थाना ट्रांजिट कैंप तथा विक्की विश्वास पुत्र विष्णु विश्वास निवासी वार्ड नंबर-11 खेड़ा थाना रुद्रपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शीघ्र आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से मेट्रोपोलिस मॉल, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर और अन्य सार्वजनिक स्थानों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी शिक्षित हैं। आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि विक्की विश्वास चीमा पैथोलॉजी लैब रुद्रपुर में कार्यरत है। आरोपियों ने चोरी की गई बाइकों को बेचने की कोशिश की, लेकिन दस्तावेज नहीं होने के कारण सफल नहीं हो पाए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, होंडा साइन, हीरो एचएफ डीलक्स, होंडा ड्रीम नियो, हीरो डीलक्स और दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद वाहनों में दो वाहन पंतनगर कोतवाली में दर्ज मुकदमों से संबंधित पाए गए हैं।
इस कार्रवाई में चौकी सिडकुल प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत कठैत, उपनिरीक्षक अनिल सिंह मेहता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह मेहर, हेड कांस्टेबल हरीश सिंह बिष्ट तथा कांस्टेबल नितिन कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।
