मंच के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
मंच के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग
लालकुआं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर लालकुआं की सियासत गरमा गई है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर सोमवार को नगर कांग्रेस और बिंदुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा को तहरीर सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल और नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और इसे सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर मामला बताया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं का सम्मान होना चाहिए। किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद इस तरह की कथित घटना से समाज में वैमनस्य का माहौल पैदा हो सकता है।
दुर्गापाल ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तहरीर में नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी दल या उसके राष्ट्रीय नेता का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए, ताकि कथित घटना की वास्तविकता सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
तहरीर देने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह खनवाल, हरेंद्र बोरा, कुंदन सिंह मेहता, बीना जोशी, गोविंद भट्ट, प्रमोद कलोनी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, दीपक बत्रा, योगेश उपाध्याय, हेमंत पांडे, त्रिलोक सिंह बिष्ट, त्रिलोक वर्मा और छोटा भुवन, नरेश चौधरी, बलम बिष्ट, रवि शंकर तिवारी, मीना कपिल, पुष्कर दानू, गोविंद दानू,शामिल रहे। इनके अलावा बिंदुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीना जोशी, कपिल, हरीश भट्ट समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मामले को लेकर अब कांग्रेस की तहरीर के बाद पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। कांग्रेस ने स्पष्ट रूप से मुकदमा दर्ज कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटनाक्रम ने लालकुआं की राजनीतिक फिजा में भी नया विवाद खड़ा कर दिया है।

error: Content is protected !!