रामनगर में दबंगई! बस रुकवाकर मालिक से मारपीट, सोने की चेन और 30 हजार लूटकर फरार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 कुमाऊं 👉
रामनगर में दबंगई! बस रुकवाकर मालिक से मारपीट, सोने की चेन और 30 हजार लूटकर फरार
रामनगर। हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर रामनगर लौट रही बस को रास्ते में रुकवाकर वाहन मालिक से मारपीट करने और सोने की चेन व 30 हजार रुपये लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चार-पांच कार सवार युवकों पर बस मालिक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपित कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। मामले में बस यूनियन पदाधिकारियों ने कालाढूंगी थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रामनगर के चोरपानी निवासी महबूब आलम की बस हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर संचालित होती है। बुधवार शाम वह यात्रियों को लेकर हल्द्वानी से रामनगर की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि रामनगर की सीमा के पास नयागांव क्षेत्र में चार-पांच कार सवार युवकों ने हाथ देकर बस रुकवा ली। युवकों ने हल्द्वानी से दवाई भेजने की बात कहते हुए बस में सामान रखने की बात कही।
महबूब आलम ने जब इससे इनकार किया तो आरोप है कि युवक जबरन बस के भीतर घुस आए और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपितों ने उनके गले से सोने की चेन और टिकट बिक्री के करीब 30 हजार रुपये कथित रूप से छीन लिए।
बस में मौजूद यात्रियों ने जब घटना का विरोध किया तो आरोपित बस से नीचे उतर गए और अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि आरोपितों ने अपनी कार का नंबर पत्तों आदि से ढक रखा था, जिससे वाहन की पहचान करना मुश्किल हो सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर-हल्द्वानी, रामनगर-काशीपुर-जसपुर जनता बस यूनियन के पदाधिकारी कालाढूंगी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। यूनियन पदाधिकारियों महबूब आलम, उपाध्यक्ष इमरान, सचिव रवि, जाकिर और फईम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर घटना हुई, उसके आसपास कई प्रतिष्ठानों और मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस इन कैमरों की फुटेज खंगाले तो आरोपितों की पहचान होने की संभावना है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा छीनी गई सोने की चेन और नकदी बरामद कराने की मांग की है।
मार्ग पर दोबारा हमले का डर
बस मालिक महबूब आलम ने पुलिस को बताया कि इस घटना के बाद उन्हें इस मार्ग पर दोबारा हमले का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाने और आरोपितों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। घटना में शामिल युवकों की गिरफ्तारी और कथित रूप से लूटी गई नकदी व सोने की चेन की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।