अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
सोशल मीडिया की दोस्ती का खौफनाक अंजाम: 17 साल की किशोरी को शादी का झांसा देकर होटलों में दुष्कर्म, मेरठ के सागर पर FIR
हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती किस तरह एक किशोरी के लिए मुसीबत बन गई, इसका मामला हल्द्वानी में सामने आया है। 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी सागर प्रजापति निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मेरठ भेजी गई है।
पुलिस को दी तहरीर में कोतवाली क्षेत्र निवासी किशोरी ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से सागर प्रजापति से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद सागर कई बार नैनीताल और हल्द्वानी आया और किशोरी को अलग-अलग होटलों में ले गया। वहां उसने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
बातचीत बंद की तो मेरठ पहुंच गई किशोरी
पीड़िता के अनुसार, जुलाई 2025 में आरोपी ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी। इससे परेशान होकर किशोरी आरोपी के मेरठ स्थित घर पहुंच गई। आरोप है कि वहां आरोपी के परिवार वालों ने उसे बालिग होने के बाद सागर से शादी कराने का आश्वासन दिया और इसी भरोसे पर उसे वापस भेज दिया।
किशोरी का आरोप है कि बाद में आरोपी और उसके परिवार ने अपना वादा बदल दिया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई।
मेरठ के लिए पुलिस टीम रवाना
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने किशोरी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मेरठ भेजी गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। खबर में लगाए गए आरोप पीड़िता की तहरीर पर आधारित हैं।

