अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 कुमाऊं 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉 रुद्रपुर 👉 हल्द्वानी में आरटीओ का डंडा: 1005 वाहनों के चालान, 37 सीज; बस अड्डों के पास सवारी भर रही अनधिकृत टैक्सियों पर भी शिकंजा
आरटीओ प्रवर्तन अरविन्द पाण्डेय के निर्देश पर दो दिन चला सघन चेकिंग अभियान, बिना हेलमेट के 661 और सहयात्री के बिना हेलमेट के 594 मामले पकड़े
हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ हल्द्वानी संभाग में परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के निर्देश पर 7 और 8 सितंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान में 1005 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 37 वाहनों को सीज कर दिया गया।
हल्द्वानी संभाग के अंतर्गत नैनीताल, उधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों में प्रवर्तन दलों ने विभिन्न मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई उधमसिंह नगर में हुई, जहां 566 चालान और 22 वाहन सीज किए गए।
नैनीताल जनपद में कुल 329 चालान और 11 वाहन सीज किए गए। इनमें बिना हेलमेट चालक के 181, बिना हेलमेट सहयात्री के 115, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 22, बिना सीट बेल्ट के 28, काली फिल्म के 2, बिना वैध प्रपत्र के 42 तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 22 मामले शामिल रहे। अन्य अभियोगों में भी 90 चालान किए गए।

उधमसिंह नगर में 566 चालानों के साथ 22 वाहन सीज किए गए। यहां बिना हेलमेट चालक के 439, सहयात्री के बिना हेलमेट 434, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 69, बिना सीट बेल्ट के 47, काली फिल्म के 1, बिना वैध प्रपत्र के 82 तथा बिना डीएल के 32 चालान किए गए। अन्य अभियोगों में 225 मामले सामने आए।
वहीं चम्पावत में 110 चालान किए गए और 4 वाहन सीज हुए। इनमें बिना हेलमेट 41, सहयात्री के बिना हेलमेट 45, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग 4, बिना वैध प्रपत्र 2 और बिना डीएल के 2 मामले शामिल हैं। अन्य अभियोगों में 26 चालान किए गए।
बस अड्डों के आसपास अनधिकृत टैक्सी संचालन पर भी कार्रवाई
चेकिंग अभियान के दौरान हल्द्वानी शहर के मुख्य मार्गों तथा परिवहन निगम और केएमओयू बस स्टेशन के निकट अनधिकृत रूप से सवारियां भरती मिली टैक्सी-मैक्सी वाहनों पर भी परिवहन विभाग ने कड़ा शिकंजा कसा। विभागीय टीमों ने ऐसे वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अनधिकृत संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संभाग में कुल कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार बिना हेलमेट चालक के 661, बिना हेलमेट सहयात्री के 594, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग के 95, बिना सीट बेल्ट के 75, काली फिल्म के 3, बिना वैध प्रपत्र के 126 तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 56 मामले पकड़े गए। अन्य अभियोगों में 341 चालान किए गए।
आरटीओ प्रवर्तन अरविन्द पाण्डेय ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक और सहयात्री दोनों मानक के अनुरूप आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और स्टंट व ट्रिपल राइडिंग से बचें। उन्होंने कहा कि वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखना भी जरूरी है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

