अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में भारतीय ज्ञान परंपरा पर सात दिवसीय कार्यक्रम संपन्न, 300 विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र
हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध आयामों पर केंद्रित सात दिवसीय गहन शिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान अकादमिक मानकों को पूरा करने वाले 300 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सात दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान और तकनीक के संदर्भ में समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम को पूरी तरह संवादात्मक एवं व्यावहारिक रखा गया। इसमें विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, विभिन्न कार्यशालाओं के साथ ही परियोजना आधारित शिक्षण को शामिल किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने पारंपरिक भारतीय ज्ञान, उसकी उपयोगिता और आधुनिक समय में उसके संभावित अनुप्रयोगों को समझा।
समापन अवसर पर परिसर निदेशक डॉ. एम. सी. लोहानी ने विद्यार्थियों के उत्साह और सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा भविष्य के नवाचार और सतत विकास के लिए मजबूत आधार बन सकती है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक एवं ज्ञान परंपराओं से जुड़कर भविष्य के निर्माण के लिए तैयार है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं सहायक प्राध्यापक संदीप अभिषेक ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं था, बल्कि गहन शिक्षण के माध्यम से उन्हें परिणामोन्मुख मंच उपलब्ध कराना था। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर शोध परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शोध और तकनीक से जोड़कर नई बौद्धिक संपदा विकसित करने तथा बौद्धिक संपदा अधिकार दर्ज कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के साथ विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े शोध, नवाचार और अकादमिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Post Views: 29