बिंदुखत्ता गोला के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का कुंदन मेहता ने किया दौरा, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉

गोला कटाव को लेकर कुंदन मेहता ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
गोला के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का कुंदन मेहता ने किया दौरा, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
बिंदुखत्ता। गोला नदी में लगातार हो रहे भू-कटाव और बाढ़ से तटवर्ती क्षेत्रों में हो रहे भूमि कटाव को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंदन सिंह मेहता ने कांग्रेस टीम के साथ बुधवार को बिंदुखत्ता के गोला तटवर्ती क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भू-कटाव से प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कुंदन सिंह मेहता ने कहा कि गोला नदी के किनारे जिन स्थानों पर सबसे अधिक भू-कटाव हुआ है, वहां अब तक ठोस सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से गोला नदी के कटाव की समस्या को लगातार उठाते रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा इस दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
कुंदन मेहता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि मानसून से पहले संवेदनशील स्थानों पर मजबूती से सुरक्षा कार्य कराए गए होते तो इस बार गोला नदी की बाढ़ में कई एकड़ भूमि को बचाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि भू-कटाव की समस्या केवल जमीन के नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के सामने भी लगातार खतरा बना हुआ है।
उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से ठोस सुरक्षा उपाय किए जाने की आवश्यकता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रशासन और सरकार को संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करना चाहिए, ताकि प्रत्येक मानसून में ग्रामीणों को भू-कटाव और बाढ़ की चिंता न झेलनी पड़े।
दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी गोला नदी से हो रहे कटाव से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने नदी के कटाव, भूमि के नुकसान और सुरक्षा उपायों से जुड़ी अपनी समस्याएं कांग्रेस टीम के समक्ष रखीं।
निरीक्षण टीम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप सिंह बथ्याल, महामंत्री प्रकाश कापड़ी, चंचल सिंह मेहता, रमेश कुमार, गोविंद भट्ट, गुरदयाल सिंह मेहरा तथा कांग्रेस सेवादल के गोकर्ण सिंह बिष्ट सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गोला नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार हो रहे कटाव को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा और भूमि संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।