बिंदुखत्ता लालकुआं हल्द्वानी गड्ढामुक्ति के निर्देश हवा में! 132 किमी बदहाल सड़कों को डामरीकरण का इंतजार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

हल्द्वानी 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 

गड्ढामुक्ति के निर्देश हवा में! 132 किमी बदहाल सड़कों को डामरीकरण का इंतजार

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के 15 अक्तूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश के बाद कार्यदायी संस्थाओं ने पेचवर्क शुरू कर दिया है, लेकिन लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़कों के नवीनीकरण और पुनर्निर्माण के लिए अभी लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। हल्द्वानी में लोनिवि, यूयूएसडीए और पेयजल निगम की करीब 132 किमी सड़कों का डामरीकरण होना है। इनमें कई सड़कें एक साल से अधिक समय से बदहाल हैं।

लोनिवि हल्द्वानी डिविजन ने इन दिनों लामाचौड़, बिंदुखत्ता समेत विभिन्न क्षेत्रों की सड़कों पर पेचवर्क शुरू कराया है। विभाग को हल्द्वानी विधानसभा के साथ ही कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र में करीब 90 किमी सड़कों का डामरीकरण करना है। इन सड़कों के टेंडर बरसात से पहले ही हो चुके थे। इनमें करीब 36 किमी सड़कें नवीनीकरण की श्रेणी में हैं।

वहीं, यूयूएसडीए की ओर से शहर के वार्ड संख्या 34 से 60 तक पेयजल और सीवरेज कार्य के लिए करीब 308 सड़कों की खोदाई की गई थी। यह काम वर्ष 2024 से शुरू हुआ था। बरसात समाप्त होने के बाद अब करीब 40 किमी बिटुमेन सड़कों का निर्माण कराया जाना है। इसके अलावा पेयजल निगम की सीवरेज योजना के बाद बनभूलपुरा क्षेत्र में करीब दो किमी सड़कें बनना बाकी हैं।

लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल पेचवर्क से राहत देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए डामरीकरण और पुनर्निर्माण का काम पूरा होना जरूरी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़क के निर्देश के बीच यह सवाल भी बना हुआ है कि बदहाल सड़कों का स्थायी कायाकल्प आखिर कब तक पूरा होगा।

अधिकारियों ने कहा जल्द होगा डामरीकरण

प्रत्यूष कुमार, ईई लोनिवि ने बताया कि डिविजन की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पेचवर्क कराया जा रहा है और जल्द ही डामरीकरण का काम भी किया जाएगा।

शशिभूषण साह, ईई पेयजल निगम के अनुसार सीवर लाइन बिछाने के साथ ही सीसी सड़कों का काम चल रहा है। बनभूलपुरा क्षेत्र में दो किमी सड़कों पर डामरीकरण के लिए लोनिवि को धनराशि उपलब्ध करा दी गई है।

गुरप्रीत सिंह, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए ने बताया कि पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के बाद सीसी सड़कों का काम बरसात में भी जारी रहा। अब मौसम अनुकूल होने पर अगले सप्ताह से सड़कों पर बिटुमेन करने की तैयारी है