अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
हाईवे पर महिलाओं से अभद्रता
महिलाओं की कार का पीछा कर रहे थे चार युवक, हाईवे पर मचाया हंगामा; VIDEO वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवकों पर महिलाओं की कार का पीछा करने, उन्हें रोकने का प्रयास करने और विरोध करने पर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे पर सफर कर रहा था। बहादराबाद टोल से पहले एक दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक उनकी कार के पीछे लग गए। आरोप है कि युवकों ने महिलाओं की गाड़ी को रोकने की कोशिश की। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।
महिलाओं ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में कार सवार युवक महिलाओं के साथ बहस करते और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
बताया गया कि स्थानीय लोगों के माध्यम से मामले की जानकारी एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर तक पहुंची। एसएसपी के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कार को रुकवाया और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, महिलाओं की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। चारों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वैगनआर कार को सीज करने के साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान चारों युवकों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर महिलाओं के साथ हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

