अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
कैंची धाम में श्रद्धालुओं पर हमला
कैंची धाम में श्रद्धालुओं पर हमला, मामूली कहासुनी के बाद चले लाठी-डंडे और लोहे की रॉड, एक श्रद्धालु का सिर फटा
भवाली। कैंची धाम में नीब करौरी महाराज के दर्शन करने पहुंचे गुड़गांव के दो श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि करीब पांच से छह लोगों ने दोनों श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में एक श्रद्धालु के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
जानकारी के अनुसार गुड़गांव निवासी संदीप कुमार (27) पुत्र मनोज कुमार सिन्हा अपने साथी अभिमन्यु गुप्ता (26) पुत्र राम रूप गुप्ता के साथ कैंची धाम में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के करीब छह लोगों ने दोनों श्रद्धालुओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में संदीप कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि घायल श्रद्धालुओं की हालत देखकर हमलावर पक्ष के कुछ लोग मौके से फरार हो गए।
लोहे की रॉड और डंडों से हमला करने का आरोप
घायल संदीप कुमार और अभिमन्यु गुप्ता उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। घायलों ने चिकित्सकों को बताया कि कैंची धाम के पास मामूली बात को लेकर पांच से छह लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार किया। चिकित्सक डॉ. रमेश कुमार के अनुसार संदीप कुमार के सिर पर गंभीर घाव होने के कारण पांच टांके लगाए गए, जबकि अभिमन्यु गुप्ता को भी प्राथमिक उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
कैंची धाम जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद श्रद्धालुओं में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। मामले में पुलिस कार्रवाई और घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

