नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अगुवाई में लालकुआं में चला स्वच्छता अभियान, रेलवे परिसर की हुई सफाई

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अगुवाई में लालकुआं में चला स्वच्छता अभियान, रेलवे परिसर की हुई सफाई

लालकुआं। स्वच्छ एवं सुंदर लालकुआं के निर्माण और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पंचायत लालकुआं एवं रेलवे विभाग की ओर से संयुक्त रूप से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित अभियान के दौरान रेलवे परिसर, रेलवे प्लेटफॉर्म तथा रेलवे से संबंधित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की गई। 

स्वच्छता अभियान का आयोजन नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में किया गया। अभियान के दौरान रेलवे परिसर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

अभियान में रेलवे विभाग की ओर से आईओडब्ल्यू (सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य), सीडीओ (चीफ डिपो ऑफिसर), सीएमआई (मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक) तथा पीडब्ल्यूआई (सीनियर सेक्शन इंजीनियर, रेलपथ) सहित रेलवे विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पंचायत लालकुआं के कार्यालय के समस्त कर्मचारी एवं फील्ड कर्मचारियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता कार्य में योगदान दिया। 1007408210.jpg

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक और संस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत लालकुआं की ओर से स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण के लिए लगातार स्वच्छता अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रेलवे विभाग के साथ संयुक्त रूप से आयोजित यह अभियान विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग का उदाहरण है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, सार्वजनिक स्थलों एवं रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखें और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही लालकुआं को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नगर बनाया जा सकता है।

अभियान के दौरान नगर पंचायत लालकुआं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प भी लिया। नगर पंचायत लालकुआं एवं रेलवे विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और लालकुआं क्षेत्र में स्वच्छता का सकारात्मक संदेश पहुंचाना रहा।