अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी
सिर फूटा, खून बहा फिर भी नहीं रुका गुस्सा! घायल युवक ने दूसरे को सड़क पर घसीटकर पीटा,
हल्द्वानी। वर्कशाप लाइन में बुधवार शाम दो युवकों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी मारपीट में बदल गया। दोनों युवक सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के दौरान एक युवक के सिर में चोट लगने से खून बहने लगा, लेकिन इसके बावजूद उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। घायल युवक ने दूसरे युवक को सड़क पर गिराकर जमकर पीटा और उसे घसीटते हुए भी दिखाई दिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया है।
वायरल वीडियो में दोनों युवक सड़क पर आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। एक युवक के सिर से लगातार खून बहता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद वह दूसरे युवक को जमीन पर गिराकर थप्पड़ और मुक्के बरसाता रहा। इतना ही नहीं, वह युवक को सड़क पर घसीटते हुए भी दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया।
वीडियो में आसपास मौजूद एक व्यक्ति की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें वह युवक को मारपीट से रोकते हुए कह रहा है कि उसे मत मारो, वीडियो बन रहा है। हालांकि, दोनों युवक काफी देर तक एक-दूसरे से उलझते रहे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर हुई इस मारपीट के दौरान एक युवक घायल भी हो गया। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

