अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
लालकुआं में टुकटुक का झटका बना काल! सड़क पर सिर के बल गिरा 30 वर्षीय युवक, दर्दनाक मौत
लालकुआं। नगर में हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लालकुआं के वार्ड नंबर 5 सुभाष नगर के सामने टुकटुक से गिरकर 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। टुकटुक में सफर कर रहे युवक को अचानक झटका लगा और वह सड़क पर सिर के बल जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी विक्रम सिंह चौहान (30) पुत्र नरेश सिंह चौहान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह परिजनों के साथ पशुपालन के कार्य में भी हाथ बंटाता था। बताया जा रहा है कि गत दिवस विक्रम नगर में टुकटुक से सफर कर रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर 5 के सामने हाईवे पर अचानक झटका लगने से वह टुकटुक से छिटककर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा।
सिर में गंभीर चोट, हल्द्वानी पहुंचते ही तोड़ा दम
हादसे में विक्रम के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसे तत्काल लालकुआं के एक क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। परिवार को उम्मीद थी कि उपचार से विक्रम की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर मिली दुखद खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, अंतिम संस्कार संपन्न
विक्रम सिंह चौहान की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के एक भाई और एक बहन भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। मजदूरी कर परिवार का सहारा बने विक्रम की मौत से परिजनों के सामने भावनात्मक और पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन विक्रम का शव लालकुआं स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट ले गए, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है। एक पल में हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।

