अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
“शादी करूंगी तो इसी से…” प्रेमी के गांव पहुंची हल्द्वानी की किशोरी, परिजन लेने पहुंचे तो मचा हंगामा!
प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी किशोरी, थाने में भी चलता रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा; पुलिस की समझाइश के बाद घर लौटने को हुई राजी
हल्द्वानी/डिडौली। प्यार का मामला उस समय हंगामे में बदल गया, जब हल्द्वानी की एक किशोरी अपने प्रेमी के गांव अकबरपुर पहुंच गई। शनिवार को जब परिजन उसे लेने पहुंचे तो किशोरी ने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पकड़ ली। परिजनों के साथ जाने से इनकार करने पर मौके पर विवाद बढ़ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां भी किशोरी अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी देर तक चली समझाइश के बाद आखिरकार वह परिजनों के साथ हल्द्वानी लौटने के लिए राजी हो गई।
हल्द्वानी में मजदूरी करता था युवक
जानकारी के अनुसार, डिडौली क्षेत्र के अकबरपुर गांव का रहने वाला युवक हल्द्वानी में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान बनभूलपुरा थाना क्षेत्र की कालिका कॉलोनी, चौपाल चौराहा निवासी किशोरी से हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ गांव ले आया।
उधर, किशोरी के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हो गए। उन्होंने हल्द्वानी पुलिस से संपर्क कर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पूछताछ के क्रम में मकान मालिक से जानकारी मिली, जिसके बाद शनिवार को मकान मालिक कुछ महिलाओं और अन्य लोगों के साथ अकबरपुर पहुंच गया।
ले जाने की कोशिश पर बिगड़ा मामला
जब परिजनों और उनके साथ पहुंचे लोगों ने किशोरी को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया तो उसने विरोध शुरू कर दिया। किशोरी प्रेमी के साथ रहने और उससे शादी करने की बात पर अड़ गई। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची डिडौली पुलिस युवक और किशोरी को थाने ले आई। थाने में भी किशोरी ने प्रेमी से शादी करने की जिद दोहराई। पुलिस ने उसे काफी देर तक समझाया और परिजनों के साथ जाने के लिए राजी करने का प्रयास किया। आखिरकार समझाइश के बाद किशोरी घर लौटने को तैयार हो गई और हल्द्वानी के लिए रवाना हो गई।
हल्द्वानी पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि किशोरी की गुमशुदगी हल्द्वानी में दर्ज है। इसलिए मामले में आगे की कार्रवाई हल्द्वानी पुलिस द्वारा की जाएगी।
फिलहाल इस घटनाक्रम ने दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। अब मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित पुलिस के स्तर से की जाएगी।

