राजेंद्र मीणा और मोहित कुमार की सतर्कता से ट्रेन में मिलीं बिछड़ी दो मासूम बच्चियां, कासगंज स्टेशन पर परिवार से हुआ पुनर्मिलन

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
राजेंद्र मीणा और मोहित कुमार की सतर्कता से ट्रेन में मिलीं बिछड़ी दो मासूम बच्चियां, कासगंज स्टेशन पर परिवार से हुआ पुनर्मिलन
उप मुख्य टिकट निरीक्षकों की तत्परता ने दिखाई मानवता, सुरक्षित घर पहुंचीं दोनों बच्चियां
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्री राजेंद्र मीणा और श्री मोहित कुमार ने अपनी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए दो बिछड़ी हुई मासूम बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09119 में यात्रा कर रही दो नाबालिग बच्चियां अपने परिजनों से बिछड़कर ट्रेन में ही रह गई थीं। मंडल नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्री राजेंद्र मीणा और श्री मोहित कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन में बच्चियों की तलाश शुरू कर दी।
काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियां ट्रेन के एक सामान्य कोच में सुरक्षित अवस्था में मिल गईं। दोनों कर्मचारियों ने बच्चियों को अपने संरक्षण में लेते हुए उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, कासगंज के सुपुर्द किया। आरपीएफ द्वारा आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
रेल प्रशासन ने श्री राजेंद्र मीणा और श्री मोहित कुमार की सजगता, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की है। रेलवे कर्मचारियों की इस पहल से एक बार फिर यात्री सुरक्षा और सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत हुआ है।

error: Content is protected !!