एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऑपरेशन प्रहार की बड़ी सफलता, बाजपुर से पंजाब का वांछित हथियार और नशा तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 उधम सिंहनगर 👉 बाजपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऑपरेशन प्रहार की बड़ी सफलता, बाजपुर से पंजाब का वांछित हथियार और नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब एएनटीएफ और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लंबे समय से फरार आरोपी को दबोचा
बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ उत्तराखंड में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के वांछित आरोपी ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी पर अवैध हथियारों की तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था।
खुफिया सूचना मिलने के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब एएनटीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर बाजपुर के केशवनगर इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, मई 2026 में अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त तलाशी कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गया था। उस दौरान उसके ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध हथियार और हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद सामग्री में विदेशी पिस्टल, मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जाने वाले हथियारों और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के चलते यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि आरोपी से जुड़े नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य संगठित अपराध और नशे के कारोबार से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचना है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

error: Content is protected !!