अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
वायरल ऑडियो से उत्तराखंड में सियासी भूचाल! सीएम धामी सख्त, विधायक के भाई समेत दो पर मुकदमा दर्ज
देहरादून/त्यूणी। उत्तराखंड में वायरल ऑडियो प्रकरण ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। वहीं, चकराता विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकराता विधायक प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गाली-गलौज और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्यूणी क्षेत्र के छुमरी निवासी बालक राम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों व्यक्तियों ने उन्हें फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वायरल ऑडियो को लेकर सामने आए इन आरोपों के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है।
एसएसपी से मिलकर पीड़ित ने मांगा था न्याय
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित बालक राम ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और अन्य भाजपा नेताओं के साथ देहरादून में एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने एसएसपी को प्रार्थनापत्र सौंपकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। एसएसपी ने उन्हें नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
मुख्यमंत्री धामी ने भी पीड़ित परिवार से की बातचीत
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीड़ित की बेटी से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ऊर्जा निगम में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं बालक राम
शिकायतकर्ता बालक राम ऊर्जा निगम में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के अनुसार, शिकायत के आधार पर चमन सिंह और राजपाल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस प्रकरण में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

