अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी में बिना OTP और लिंक के साइबर ठगी, तारा सिंह के खाते से लाखों रुपये पार!
हल्द्वानी। साइबर ठगों ने हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र निवासी तारा सिंह के बैंक खाते से करीब 3.90 लाख रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के मुताबिक, उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी नहीं आया और न ही उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद खाते से चार बार में रकम निकाल ली गई। पीड़ित की शिकायत पर मुखानी कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को तारा सिंह के बैंक खाते से अलग-अलग चार लेनदेन किए गए। पहली बार 2,50,998 रुपये, दूसरी बार 1,31,935.76 रुपये, तीसरी बार 6,000 रुपये और चौथी बार 1,000 रुपये निकाले गए। उपलब्ध लेनदेन विवरण के अनुसार, कुल 3,89,933.76 रुपये खाते से निकाले गए।
पीड़ित को मोबाइल पर बैंक के संदेश आने के बाद खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। तारा सिंह का कहना है कि उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। ऐसे में खाते से रकम निकलने का तरीका जांच का विषय बन गया है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर साइबर सेल को जांच में लगाया है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और इस साइबर ठगी में कौन शामिल है।
बिना ओटीपी और लिंक के खाते से रकम निकलने की शिकायत ने ऑनलाइन बैंकिंग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, ठगी किस तकनीक से की गई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

