लालकुआं में कैंटर की टक्कर से दो युवकों की मौत, फोरलेन निर्माण में देरी पर उठे सवाल

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉

लालकुआं में कैंटर की टक्कर से दो युवकों की मौत, फोरलेन निर्माण में देरी पर उठे सवाल

तीन दिन में पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में चिंता, मुक्तिधाम से नगला बाईपास तक संकरा मार्ग बना हादसों की वजह; हाथी कॉरिडोर में जल्द फोरलेन निर्माण की मांग

लालकुआं। बरेली रोड पर रविवार रात पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था और फोरलेन निर्माण में हो रही देरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज तीन दिनों में पांच लोगों की मौत से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार दोनों युवक नगला से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रहे कैंटर ने पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी करीब 12 फीट दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय चेतन बिष्ट पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट, निवासी मानपुर पश्चिम, दौलतपुर, गौलापार तथा 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट पुत्र किशन सिंह, निवासी भवाली के रूप में हुई है।

संकरा मार्ग और तेज रफ्तार से बढ़ रहा हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम से नगला बाईपास तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन का निर्माण नहीं होने के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। संकरे मार्ग पर भारी वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनती है। इसके साथ ही तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन निर्माण में देरी के बीच सड़क हादसों की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में जल्द फोरलेन बनाने की मांग

स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभागों से हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से यातायात का दबाव व्यवस्थित करने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति नियंत्रण, प्रभावी यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।

लगातार हो रहे हादसों और तीन दिनों में पांच लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा का मुद्दा गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग इस मार्ग पर फोरलेन निर्माण में तेजी लाने के साथ तत्काल सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।