अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 पुलिस से अभद्रता पड़ी भारी, कार समेत दबोचा आरोपी
एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश — सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
हल्द्वानी। जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस के साथ अभद्रता करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और मौके से फरार होने वाले आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपदभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में 10 मई 2026 की रात कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम तिकोनिया क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी।
बताया गया कि चेकिंग के दौरान ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस द्वारा वाहन का चालान करने की कार्रवाई शुरू की गई तो कार चालक आपा खो बैठा। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” तक की धमकी दे डाली।
इतना ही नहीं, आरोपी पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से कार लेकर फरार हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक आरती की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 154/2026 धारा 132, 221, 351(2)(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से फरार आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी अथवा लोकसेवक के साथ अभद्रता, धमकी या सरकारी कार्य में व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
