अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रामनगर रेलवे स्टेशन और कोच केयर सेंटर का सीआरएस ने किया गहन संरक्षा निरीक्षण
बरेली/रामनगर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) पूर्वोत्तर रेलवे सर्किल प्रणजीत सक्सेना ने रामनगर स्थित कोच केयर सेंटर और रेलवे स्टेशन का गहन संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार समेत विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दूसरे दिन सीआरएस ने कोचिंग केयर सेंटर पहुंचकर रेलवे में उपयोग किए जा रहे आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और उनकी कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सीबीसी गेज बॉक्स, पोल व्हील सिम्युलेटर, बफर हाइट गेज, हैंड ब्रेक इंडिकेटर, थ्री प्वाइंटर व्हील, डायमीटर गेज और अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों की जांच करते हुए अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से तकनीकी सवाल पूछे तथा सुरक्षा मानकों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट का निरीक्षण करते हुए पानी के अधिकतम संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की शुद्धता बनाए रखने के साथ-साथ उसकी बर्बादी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। वाशिंग पिट के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने पानी की खपत कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा।
यार्ड क्षेत्र में स्थित क्रॉसिंग बॉडी के प्वाइंट संख्या 204 डब्ल्यू का भी सीआरएस ने गहन निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों को संरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने पैनल कक्ष में वी.डी.यू. प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन डायरी, सतर्कता आदेश रजिस्टर, स्टेशन कार्य नियम, सिग्नल एवं इंटरलॉकिंग सुरक्षा रजिस्टर, यार्ड सुरक्षा रजिस्टर और निरीक्षण रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। ड्यूटी पर तैनात स्टेशन प्रबंधक से भी सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आई.पी.एस. रूम और रिले रूम का भी जायजा लिया गया। सीआरएस ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन की संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
